निर्माणाधीन पुल के पास 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, दो दोस्तों की मौत

Share

रातभर मदद के इंतजार में तड़पते रहे युवक, सुबह राहगीरों ने देखे शव; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बांसवाड़ा, 14 जुलाई:
बांसवाड़ा जिले के राजतालाब थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पास बने करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सोमवार रात भापोर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के पास हुआ। वडली पाड़ा निवासी पंकज निनामा (20) और सुनील दायमा (21) बाइक से घर लौट रहे थे। अंधेरे में सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगने से उनकी बाइक सीधे नीचे जा गिरी। गंभीर रूप से घायल दोनों युवक सुनसान इलाके में पूरी रात मदद के इंतजार में पड़े रहे, लेकिन किसी को हादसे की भनक नहीं लगी। मंगलवार सुबह राहगीरों ने गड्ढे में बाइक और दोनों युवकों के शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर बिलख पड़े। दोनों युवक कुछ दिन पहले ही रोज़गार के सिलसिले से अपने-अपने घर लौटे थे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक पंकज मध्यप्रदेश के जावरा में काम करता था और आठ दिन पहले ही घर आया था। वहीं सुनील केरल से करीब दस दिन पहले लौटा था। दोनों अविवाहित थे और परिवार की उम्मीद माने जाते थे।
निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन पुल के पास बने गहरे गड्ढे के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं थे। लोगों ने जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई और ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।