वैश्विक पर्यटन रैंकिंग में उदयपुर को झटका, जयपुर एशिया के टॉप-10 में

Share

दो साल पहले एशिया का नंबर-1 रहा लेकसिटी अब दुनिया में 12वें और एशिया में 8वें स्थान पर, ओवर टूरिज्म बना बड़ी वजह
उदयपुर, 14 जुलाई:
अमेरिकी ट्रैवल मैगजीन ‘ट्रैवल + लीजर’ की वर्ल्ड्स बेस्ट अवॉर्ड्स-2026 रैंकिंग में लेकसिटी उदयपुर को बड़ा झटका लगा है। वर्ष 2024 में दुनिया का दूसरा सबसे खूबसूरत और एशिया का सर्वश्रेष्ठ शहर रहने वाला उदयपुर इस बार फिसलकर दुनिया में 12वें और एशिया में 8वें स्थान पर पहुंच गया है। इसके विपरीत जयपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया के शीर्ष-10 शहरों में 10वां स्थान हासिल किया। दुनिया भर के 6.61 लाख से अधिक पाठकों की ऑनलाइन वोटिंग और रिव्यू के आधार पर तैयार इस रैंकिंग में कला-संस्कृति, विरासत, आतिथ्य, होटल, खान-पान और खरीदारी जैसे मानकों को शामिल किया गया। उदयपुर को इस बार 89.91 अंक मिले।
होटल एवं पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार उदयपुर की रैंकिंग में गिरावट का प्रमुख कारण बढ़ता ओवर टूरिज्म, ट्रैफिक जाम, पार्किंग संकट, झीलों के आसपास बढ़ते अतिक्रमण, साफ-सफाई की चुनौतियां और पर्यटक सुविधाओं का अपेक्षित विस्तार नहीं होना रहा। वहीं, यूनेस्को विश्व धरोहर शहर जयपुर ने बेहतर शहरी नियोजन, व्यवस्थित यातायात, शाही विरासत, हस्तशिल्प बाजार और विश्वस्तरीय होटल सुविधाओं के दम पर अपनी मजबूत पहचान कायम रखी। होटल श्रेणी में भी राजस्थान का दबदबा बरकरार रहा, जहां उदयपुर के द लीला पैलेस और जयपुर के रामबाग पैलेस सहित कई लक्जरी होटल देश के सर्वश्रेष्ठ होटलों में शामिल हुए।