युवक की सतर्कता से टली बाइक चोरी, शोर मचाते ही फरार हुए बदमाश

Share

अलसुबह कॉलोनी में की रेकी, लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की
उदयपुर, 29 जून:
सुखेर थाना क्षेत्र की मनीष विहार कॉलोनी में रविवार तड़के एक युवक की सतर्कता से बाइक चोरी की वारदात टल गई। स्कूटर पर सवार होकर आए बदमाश घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन युवक के शोर मचाते ही मौके से भाग निकले।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब चार बजे की है। स्कूटर पर सवार कुछ अज्ञात युवक कॉलोनी में पहुंचे और पहले इलाके की रेकी की। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
इसी दौरान कॉलोनी निवासी मोहम्मद रिजवान की नजर बदमाशों पर पड़ गई। संदिग्ध गतिविधि देखकर उन्होंने शोर मचाया और उनकी ओर बढ़े। खुद को पकड़े जाने का अंदेशा होते ही आरोपी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। यदि समय रहते रिजवान की नींद नहीं खुलती तो बाइक चोरी हो सकती थी।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।