भाजपा पार्षद महेश तेली ने थामा कांग्रेस का हाथ

Share

उपसभापति पद नहीं मिलने से नाराजगी की चर्चा, 34 भाजपा पार्षदों में एक की कमी
बांसवाड़ा, 24 सितम्बर:
बांसवाड़ा नगर परिषद की राजनीति में गुरुवार को नया मोड़ आया। वार्ड 47 से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर तीसरी बार पार्षद बने महेश चंद्र तेली ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। वे भाजपा के जिलामंत्री भी थे। कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। तेली के पाला बदलने के बाद नगर परिषद के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नगर परिषद चुनाव में तेली ने कांग्रेस प्रत्याशी को 809 वोटों के अंतर से हराया था, जो परिषद में सबसे बड़े अंतर की जीत थी। चुनावी हलफनामे के अनुसार उन्होंने अपनी संपत्ति करीब 17 करोड़ रुपए से अधिक बताई थी। उपसभापति पद के लिए मौका नहीं मिलने के बाद उनके भाजपा छोड़ने की चर्चा थी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद तेली ने दावा किया कि आने वाले दिनों में एक-दो और पार्षद भी कांग्रेस में आ सकते हैं।