एक ही कुएं में मिले दो दोस्तों के शव, 10 दिन बाद भी रहस्य बरकरार

Share

मुंबई से साथ लौटे थे युवक, 10 मई के बाद दोनों के मोबाइल हो गए थे बंद
राजसमंद, 21 मई:
राजसमंद जिले के चारभुजा थाना क्षेत्र में एक ही कुएं से दो दोस्तों के शव मिलने के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के 10 दिन बाद भी पुलिस मौत के कारणों का खुलासा नहीं कर पाई है। दोनों युवक मुंबई में साथ काम करते थे और एक साथ ही राजस्थान लौटे थे।
मामला रिछेड़ क्षेत्र के कड़ेचा की ओढ़ मोड़ स्थित केलवाड़ा मार्ग के पास बने कुएं का है। चारभुजा थाना प्रभारी भगवत सिंह के अनुसार 12 मई को कुएं से पहला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान पाली जिले के घाणेराव निवासी रूप नाथ (30) पुत्र मोती नाथ के रूप में हुई। इसके दो दिन बाद 14 मई को उसी कुएं से दूसरा शव मिला। शव की स्थिति खराब होने के कारण पहचान में दिक्कत हुई, लेकिन बाद में उसकी पहचान देवगढ़ क्षेत्र के जोगेला निवासी भगवान नाथ (20) पुत्र लादू नाथ के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक आपस में दोस्त थे और मुंबई में एक ही स्थान पर काम करते थे। दोनों 4 मई को साथ राजस्थान लौटे थे। इसके बाद वे कुंभलगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में घूमते रहे। बताया जा रहा है कि 10 मई के बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए थे।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की मौत हादसा, आत्महत्या या किसी साजिश का हिस्सा है। मामले में मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।