फतहसागर में डूबे व्यापारी का 48 घंटे बाद मिला शव

Share

20 साल से तैराकी सिखा रहे थे ललित मेहता, व्यायाम के बाद झील में उतरे थे
उदयपुर, 19 मई:
उदयपुर की फतहसागर झील में डूबे व्यापारी ललित मेहता का शव 48 घंटे बाद सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। सिविल डिफेंस की टीम लगातार दो दिन से झील में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। आखिरकार फाउंटेन के पास शव मिलने पर उसे अंबामाता थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार अशोक नगर निवासी 62 वर्षीय ललित मेहता धानमंडी में अनाज कारोबार करते थे और पिछले 20 वर्षों से तैराकी कर रहे थे। वे कई लोगों को तैराकी का प्रशिक्षण भी देते थे। रविवार सुबह रोजाना की तरह वे फतहसागर पहुंचे, व्यायाम किया और फिर पानी में उतर गए।
सीसीटीवी में पानी में उतरते दिखे
काफी देर तक फोन रिसीव नहीं करने पर परिजन फतहसागर पहुंचे, जहां झील किनारे उनकी गाड़ी, कपड़े और अन्य सामान मिला। इसके बाद पुलिस और सिविल डिफेंस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में मेहता को सुबह करीब 8 बजे झील में उतरते देखा गया। सिविल डिफेंस टीम के अनुसार कुछ महीने पहले उनका हार्ट स्टंट ऑपरेशन हुआ था। आशंका है कि गहरे पानी में जाने के दौरान वे झाड़ियों में फंस गए, जिससे डूबने से मौत हो गई।