मोबाइल विवाद में पति-पत्नी ने खाया जहर

Share

दिनभर फोन चलाने की बात पर हुआ झगड़ा, कमरे में बेहोश मिले दोनों
चित्तौड़गढ़, 19 मई:
चित्तौड़गढ़ जिले के पीपलवास थाना क्षेत्र के बानसेन गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार रामलाल भील (22) और उसकी पत्नी सीमा (20) के बीच पिछले कुछ समय से मोबाइल फोन को लेकर विवाद चल रहा था। पति को शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है और दिनभर मोबाइल पर व्यस्त रहती है। इसी बात को लेकर सोमवार रात दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों ने कमरे में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर दोनों बेहोश पड़े मिले। इसके बाद परिवार और पड़ोसियों की मदद से दोनों को तुरंत चित्तौड़गढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान सीमा को होश आ गया, जबकि रामलाल को आईसीयू में भर्ती किया गया था। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत में भी सुधार है और दोनों अब खतरे से बाहर हैं।