राजसमंद, 11 अगस्त: शारीरिक शिक्षक संघ राजसमंद के जिला अध्यक्ष पद पर प्रहलाद सिंह झाला लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए। उनके पुनर्निर्वाचन पर संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों और शुभचिंतकों ने हर्ष जताते हुए बधाई दी। समर्थकों ने उनका स्वागत कर आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। संघ के सदस्यों ने कहा कि झाला के संगठनात्मक नेतृत्व, सक्रियता और शिक्षकों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते उन्हें लगातार तीसरी बार जिम्मेदारी मिली है। सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संघ शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाएगा तथा संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेगा।
नाट्य मंचन से युवा पीढ़ी तक पहुंचेगी काकोरी क्रांति
उदयपुर, 11 अगस्त: काकोरी क्रांति के 100 वर्ष पूरे होने पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उदयपुर में ‘काकोरी क्रांति गाथा’ नाट्य का मंचन होगा। प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ और सभ्यता अध्ययन केंद्र, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम 14 अगस्त शाम 5 बजे आरएनटी मेडिकल कॉलेज के नवीन सभागार में होगा। आयोजन में विद्यालय-महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जा रहा है। निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को क्रांतिकारियों के त्याग और बलिदान से परिचित कराना है। मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री हेमंत मीणा होंगे। आईजी गौरव श्रीवास्तव व पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक अश्विन दलवी विशिष्ट अतिथि होंगे। 14 से 16 अगस्त तक प्रताप गौरव केंद्र में 50 रुपए शुल्क रहेगा।
राखी की बुकिंग के लिए 13 से विशेष काउंटर
उदयपुर, 11 अगस्त: रक्षाबंधन पर राखियां समय पर पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। उदयपुर हेड पोस्ट ऑफिस, शास्त्री सर्कल और हिरणमगरी पोस्ट ऑफिस में विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इन पर 13 अगस्त से राखियों की बुकिंग शुरू होगी। उदयपुर डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक अक्षय गाडेकर ने बताया कि राखियों की बुकिंग और डिलीवरी को प्राथमिकता दी जाएगी। तीनों डाकघरों में विशेष सजावट भी की गई है। राखी बुक कराने वाली प्रथम 50 बहनों को विशेष गिफ्ट हैम्पर दिया जाएगा। विभाग का उद्देश्य दूर रहने वाले भाई-बहनों तक राखी और स्नेह समय पर पहुंचाना है।
होमगार्ड जवानों ने निकाली तिरंगा वाहन रैली
उदयपुर, 11 अगस्त: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत होमगार्ड जवानों ने मंगलवार को तिरंगा वाहन रैली निकाली। राजस्थान होमगार्ड कमांडेंट प्रणय जसोरिया के निर्देश पर आयोजित रैली कंपनी कमांडर मंगलाराम और आरक्षी सुरेश सिंह के मार्गदर्शन में निकली। राजस्थान होमगार्ड कार्यालय से शुरू होकर रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस कार्यालय पहुंची। जवान बाइक पर हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश देते नजर आए। जवानों ने लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में भागीदारी की अपील की। जिले में 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
नगर निकाय चुनाव के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तय
उदयपुर, 11 अगस्त: नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत निर्वाचन अधिकारियों और कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 13 अगस्त को टाउन हॉल के दीनदयाल सभागार में सेक्टर ऑफिसर व सेक्टर पुलिस ऑफिसर का प्रशिक्षण होगा, जिसमें करीब 160 प्रतिभागी शामिल होंगे। 18 अगस्त को ईवीएम कमिशनिंग प्रशिक्षण में करीब 140 कार्मिक भाग लेंगे। 19 अगस्त को सुखाड़िया रंगमंच में ईवीएम-एमटी एवं डीएलएमटी/बीएलएमटी प्रशिक्षण होगा। इसमें करीब 100 कार्मिक शामिल होंगे। प्रशिक्षणों की निगरानी प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण करेंगे।
गवरी मंचन के लिए 13 तक आवेदन
उदयपुर, 11 अगस्त: जनजाति कला-संस्कृति के संरक्षण के लिए माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान ने 2026-27 के गवरी मंचन के लिए अनुभवी कलाकार दलों से आवेदन मांगे हैं। टीआरआई निदेशक ओपी जैन ने बताया कि इस वर्ष उदयपुर शहर के अलावा खैरवाड़ा, डूंगरपुर, ऋषभदेव और राजसमंद में भी गवरी मंचन प्रस्तावित है। इच्छुक अनुभवी कलाकार दलों के मुखिया 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक सादे कागज पर आवेदन संस्थान के निदेशक या कार्यक्रम अधिकारी तनेराज सिंह सौढ़ा को प्रस्तुत कर सकते हैं। गवरी मेवाड़ की प्रमुख जनजातीय नृत्य-नाटिका है और इसके संरक्षण के लिए हर वर्ष विभिन्न स्थानों पर मंचन कराया जाता है।
स्कॉर्पियो से 4.5 क्विंटल डोडा चूरा बरामद
उदयपुर, 11 अगस्त: सुखेर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान सफेद स्कॉर्पियो RJ27-GM575 से करीब 4.5 क्विंटल डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए है। पुलिस ने डोडा चूरा के साथ स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया। अब जांच में पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस वाहन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य सुरागों के आधार पर तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में सुखेर थाना पुलिस की जांच जारी है।
सिद्धा मालू को कनाडा में सम्मान
उदयपुर, 11 अगस्त: उदयपुर की सिद्धा मालू को कनाडा में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और महिला सशक्तिकरण के लिए ‘ग्लोबल कम्युनिटी इम्पैक्ट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ‘कनाडा एवं अफ्रीका महिला सहायता प्रोजेक्ट’ की ओर से प्रदान किया गया। सिद्धा मालू को महिलाओं के उत्थान, सशक्तिकरण और विभिन्न महिला समुदायों में सकारात्मक बदलाव की दिशा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से उदयपुर सहित राजस्थान में हर्ष का माहौल है। सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके कार्य को प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्र निर्माण के लिए चरित्र निर्माण जरूरी: स्वामी मेधजानन्द
उदयपुर, 11 अगस्त: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय में ‘राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता रामकृष्ण मिशन आश्रम, राजकोट के समन्वयक स्वामी मेधजानन्द ने कहा कि उत्कृष्ट राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का मजबूत चरित्र सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, जिम्मेदारी, आत्मसंयम और सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। स्वामी विवेकानंद के जीवन और शिकागो संबोधन का उदाहरण देते हुए उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ‘न तंबाकू, न नशा’ का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में विधि महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
आरएएस खराड़ी उदयपुर लौटे—देवल नगर निगम उपायुक्त
उदयपुर, 11 अगस्त: राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 183 RAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें उदयपुर और सलूंबर जिले के 14 अधिकारी शामिल हैं। हरिसिंह देवल को नगर निगम का नया उपायुक्त बनाया गया है, जबकि आरएएस महावीर खराड़ी जनजाति विभाग में अतिरिक्त आयुक्त बनकर उदयपुर आए हैं। झाड़ोल के एसडीएम कपिल कुमार कोठारी का भी तबादला किया गया है। खास बात यह है कि करीब दो महीने पहले हुए तबादलों में शामिल कुछ अधिकारियों को फिर बदल दिया गया। नगर निगम उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी, लोक सेवाएं के सहायक निदेशक हेमराज गुर्जर और गिर्वा में सहायक कलक्टर निलेश कुमार कलाल का भी तबादला हुआ है। यूडीए के रमेशचंद्र बहेड़िया भी वापस स्थानांतरित किए गए हैं।