भूपालपुरा स्कूल में छात्राओं को करियर मार्गदर्शन; नई तकनीक और एआई के दौर में कौशल विकास पर जोर
उदयपुर, 8 अगस्त: राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, भूपालपुरा में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। करियर कोच एवं जेएस ग्लोबल के फाउंडर जितेंद्र सिंह ने छात्राओं से कहा कि शुरुआत कहां से हुई, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि जीवन और करियर में कहां पहुंचना है, यह मायने रखता है। सरकारी स्कूल, हिंदी माध्यम या आर्थिक स्थिति किसी की कमजोरी नहीं है। मेहनत, लगन और सही दिशा भविष्य तय करती है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पायलट, राजनीति, शिक्षण, टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष विज्ञान और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। छात्राओं को अपनी रुचि, कौशल और व्यक्तित्व के अनुरूप करियर का चयन करना चाहिए।
उन्होंने दसवीं के बाद विषय और बारहवीं के बाद करियर चुनने में भेड़चाल से बचने की सलाह दी। विज्ञान, वाणिज्य, मानविकी और कृषि क्षेत्रों के आधुनिक एवं भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रभाव हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। एआई के दौर में मनोविज्ञान, समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र जैसे मानवीय विषयों की उपयोगिता भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विषय या करियर को लेकर असमंजस हो तो प्रोफेशनल करियर काउंसलिंग मददगार साबित हो सकती है।