बैटरी, लिथियम, सोलर और ऊर्जा भंडारण क्षेत्र के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
उदयपुर, 8 अगस्त: ऊर्जा, बैटरी, लीड, लिथियम और सोलर क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों तथा भविष्य की कारोबारी संभावनाओं पर उदयपुर में आयोजित ‘द ग्रीन ग्रिड समिट’ शनिवार को सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष बसंत जैन के निर्देशन में रामी रॉयल रिजॉर्ट एंड स्पा में आयोजित समिट में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, कारोबारियों और उद्यमियों ने भाग लिया।
समिट में बदलते ऊर्जा बाजार, नई तकनीकों, ऊर्जा भंडारण की बढ़ती जरूरत और छोटे एवं मध्यम उद्यमों को वैश्विक वैल्यू चेन से जोड़ने पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कारोबारियों को नई तकनीकों, बाजार की दिशा और ऊर्जा क्षेत्र में उभर रहे अवसरों की जानकारी दी।
पैनल चर्चा में डॉ. सुगुमारन, डॉ. अतिचत रोटजानाकोर्न, डॉ. सुंदर मायावन, डॉ. मधुसूदन और डॉ. अक्षय जैन सहित विशेषज्ञ शामिल हुए। उन्होंने बैटरी एवं ऊर्जा भंडारण में तकनीकी बदलाव, लिथियम और सोलर क्षेत्र की संभावनाओं तथा पर्यावरण अनुकूल अपशिष्ट प्रबंधन पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र तेजी से परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में उद्योगों को नई तकनीक अपनाने के साथ वैश्विक बाजार की जरूरतों को समझना होगा। ऊर्जा भंडारण और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार से बैटरी एवं सोलर क्षेत्र में नए कारोबारी अवसर पैदा होंगे।