नकली दूध के कारोबार पर अंकुश नहीं लगा तो 15 दिन बाद दूध की सप्लाई बंद करेंगे गौपालक

Share

धूणी माता मेला ग्राउंड में बैठक कर दी चेतावनी, दूध की कीमत बढ़ाने और विक्रेता-उत्पादक संगठनों के बीच मध्यस्थता कराने की मांग
उदयपुर, 11 नवम्बर:
नकली दूध और दुग्ध उत्पादों के बढ़ते कारोबार तथा दूध की कम कीमतों से नाराज गौपालकों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। उदयपुर दुग्ध उत्पादक संगठन ने बुधवार को नाहर मगरा स्थित धूणी माता मेला ग्राउंड में बैठक कर प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। संगठन ने चेताया कि इस अवधि में मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर में दूध की सप्लाई बंद कर दी जाएगी।
संगठन के संरक्षक नरेंद्र सिंह राणावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में नकली दूध और दुग्ध उत्पादों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, गौपालकों को दूध का उचित मूल्य दिलाने तथा संगठन का 15 दिन में जिलेभर में विस्तार करने का निर्णय लिया गया।
विक्रेता और उत्पादक संगठनों के बीच मध्यस्थता की मांग
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि 15 दिन के भीतर दूध विक्रेता संघ और दुग्ध उत्पादक संगठन के बीच मध्यस्थता कराकर दूध की कीमतों का स्थायी समाधान निकाला जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर दूध बंद करने की चेतावनी दी गई। इसके लिए दूध के निस्तारण की योजना पर भी चर्चा की गई। गांव-गांव में गौपालकों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
नकली दूध से असली गौपालकों को नुकसान
किसान नेता विष्णु पटेल ने कहा कि बाजार में नकली दूध का कारोबार असली गौपालकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पशु आहार की बढ़ती कीमतों और सूखे चारे की कमी से पहले ही पशुपालकों की लागत बढ़ रही है। ऐसे में नकली दूध के कारण उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। बैठक में मोहन नागदा, प्रेमचंद पटेल, मदनलाल डांगी, तोलीराम डांगी, महेंद्र सिंह राणावत, रमेश पालीवाल, दिनेश गुर्जर सहित सैकड़ों गौपालक मौजूद रहे।