दो पिस्तौल लेकर आए थे तीन बदमाश, एक से नहीं चली गोली; मकान कब्जे के विवाद में हमले की आशंका
उदयपुर, 11 नवम्बर: उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में मंगलवार रात घर के बाहर स्कूटी पर बैठे बुजुर्ग पर तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली पैर को छूकर निकल गई और स्कूटी में जा लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित अब्दुल शकूर ने अंबामाता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दो पिस्तौल लेकर पहुंचे थे बदमाश
रिपोर्ट के अनुसार घटना रात करीब 8:20 बजे सज्जननगर इलाके की है। बुजुर्ग घर के बाहर स्कूटी पर बैठे थे। इसी दौरान सिकंदर का बेटा आदिल कालिया दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों के पास दो पिस्तौल थीं। एक बदमाश ने बुजुर्ग पर फायर किया, जबकि दूसरे की पिस्तौल से गोली नहीं चली। गोली पैर को छूते हुए स्कूटी में लगी। पीड़ित के बेटे ने मकान पर कब्जे के विवाद में असलम छोटा और इकबाल वाइपर की भूमिका होने की आशंका जताई है। आरोप है कि असलम छोटा ने उनके मकान पर कब्जा कर रखा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मछली मारने के लिए नहर में डाला टोटा, हाथ में ही फटा
धमाके में पंजा, अंगूठा और अंगुलियां क्षतिग्रस्त; युवक का एमजी अस्पताल में होगा ऑपरेशन
बांसवाड़ा, 11 नवम्बर: बांसवाड़ा में नहर में विस्फोटक से मछली पकड़ने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। कागदी पिकअप के पास बुधवार दोपहर टोटा हाथ में ही फट गया। धमाके में युवक के दाहिने हाथ का पंजा, अंगूठा और अंगुलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गंभीर घायल युवक को एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कलाई तक हाथ हुआ क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार अंकलेश्वर निवासी कालूराम पुत्र बिजीया नहर में मछली मारने के लिए टोटा लेकर गया था। मछली पकड़ने की कोशिश के दौरान अचानक विस्फोटक उसके हाथ में ही फट गया। धमाके से वह लहूलुहान हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल एमजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती किया गया। ट्रॉमा वार्ड के नर्सिंग स्टाफ विजय के अनुसार युवक के हाथ का ऑपरेशन किया जाएगा। हादसे में उसकी जान बच गई, लेकिन हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।