112 पर झूठी सूचना देकर मचाई अफरा-तफरी, भीड़ में छिपकर देखता रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

Share

नदी में नाव पलटने और दो बच्चों के डूबने की अफवाह फैलाने वाला युवक आधे घंटे में दबोचा गया; 5-6 हजार पर्यटकों के बीच तकनीकी जांच से हुई पहचान
बांसवाड़ा, 2 अगस्त:
बांसवाड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा पर रविवार को एक युवक की शरारत से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। युवक ने आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर नदी में नाव पलटने और दो बच्चों के डूबने की झूठी सूचना दे दी। सूचना देने के तुरंत बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और पर्यटकों की भीड़ में घुलमिलकर पुलिस की कार्रवाई देखने लगा। हालांकि पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर महज आधे घंटे में उसे पकड़ लिया।
भूंगड़ा थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कन्हैयालाल (20) निवासी चरपोटा है। सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच में नदी में कोई नाव नहीं मिली और न ही किसी के डूबने की पुष्टि हुई।
भीड़ में छिपकर देखता रहा पुलिस की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह ने बताया कि मौके पर करीब 5 से 6 हजार पर्यटक मौजूद थे। पुलिस ने सबसे पहले सभी नावों की गिनती की तो पता चला कि कोई भी नाव नदी में उतरी ही नहीं थी। इससे सूचना संदिग्ध लगी। कॉल करने वाले का मोबाइल भी बंद था। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। आरोपी उसी भीड़ में मौजूद था और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की हालत में था और उसने मजाक के तौर पर फर्जी सूचना दे दी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक घंटे तक लगा जाम
रविवार होने के कारण चाचाकोटा में पहले से ही बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हुए थे। पुलिस और रेस्क्यू टीम के पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सरकारी वाहन भी जाम में फंस गए। बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर यातायात सामान्य कराया गया।