तकनीकी जांच में खुला राज, दोनों आरोपी गिरफ्तार; चोरी का माल बरामद
प्रतापगढ़, 2 अगस्त: प्रतापगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने धर्म भाई के साथ मिलकर अपने ही बेटे के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की नकदी और आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने बताया कि सेमलोपुर निवासी श्रीपाल सिंह ने 24 जुलाई को रठांजना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई की रात परिवार के सोने के बाद घर से करीब दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। सुबह अलमारियां खुली और सामान बिखरा मिला।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में गुड्डी कुंवर (52) ने अपने धर्म भाई रामप्रसाद सुथार (55) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया।
पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।