सीएचसी-पीएचसी में ओपीडी और फील्ड विजिट के समय तय, उल्लंघन पर कार्रवाई होगी
उदयपुर, 26 अप्रैल: राजस्थान सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) निदेशालय ने सीएचसी और पीएचसी पर कार्यरत एनएचएम कार्मिकों के कार्यालय समय में बदलाव करते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत नर्सिंग, पैरामेडिकल और फील्ड स्टाफ के लिए ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
नर्स ग्रेड द्वितीय, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, अकाउंटेंट और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रीष्मकाल में सुबह 8 से 12 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक सेवाएं देंगे। शीतकाल में यह समय सुबह 9 से 1 बजे और शाम 4 से 6 बजे रहेगा।
वहीं पीएचएस और एएनएम ग्रीष्मकाल में सुबह 8 से 12 बजे और शीतकाल में सुबह 9 से 1 बजे तक संस्थान में कार्य करेंगे। इसके बाद ग्रीष्मकाल में दोपहर 12 से 3 बजे तथा शीतकाल में दोपहर 1 से 4 बजे तक फील्ड विजिट अनिवार्य होगी।
फील्ड विजिट से पहले चिकित्सा अधिकारी प्रभारी से अनुमति लेकर मूवमेंट रजिस्टर में प्रविष्टि करनी होगी। साथ ही क्षेत्रीय गतिविधियों के फोटो लोकेशन सहित व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजने होंगे। आदेशों की अवहेलना पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।