माता-पिता से मिलते ही छलके आंसू, आश्रम परिवार का जताया आभार
उदयपुर, 27 अप्रैल: अपना घर आश्रम में सोमवार को एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब 15 दिनों से लापता युवक अपने माता-पिता से मिल गया। बेदला स्थित आश्रम में हुए इस मिलन के दौरान परिवार की आंखें नम हो गईं और वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
आश्रम अध्यक्ष गोपाल कनेरिया ने बताया कि लोकेश भाट प्रभुजी मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण घर से बिना बताए निकल गए थे और भटक रहे थे। इस दौरान धर्मेंद्र माली ने उन्हें देखकर आश्रम को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर आश्रम में भर्ती किया और उनका उपचार व देखभाल शुरू की।
इधर, परिजन बेटे की तलाश में भटकते हुए सुखेर थाने पहुंचे, जहां से उन्हें आश्रम में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पिता जगन्नाथ भाट और माता गीता देवी आश्रम पहुंचे। बेटे को सुरक्षित देखकर मां की आंखों से आंसू छलक पड़े, जबकि पिता ने आश्रम का आभार जताया।
औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आश्रम पदाधिकारियों की मौजूदगी में लोकेश को तिलक व उपरणा पहनाकर स्नेहपूर्वक विदाई दी गई। इसके बाद उन्हें उनके परिजनों के साथ सुरक्षित घर रवाना किया गया।