गुजरात से सूचना मिलते ही गांव में 353 लोगों की स्क्रीनिंग, फॉगिंग व कीटनाशक छिड़काव शुरू
डूंगरपुर, 18 जुलाई: डूंगरपुर जिले में चांदीपुरा वायरस संक्रमण से छह वर्षीय बच्ची की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर आ गया है। धंबोला थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव की बच्ची का उपचार गुजरात के हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में चल रहा था, जहां 15 जुलाई को उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी गुजरात सरकार के माध्यम से राजस्थान स्वास्थ्य विभाग को मिलने के बाद जिले में तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए।
सूचना मिलते ही चिकित्सा विभाग की टीमों ने शनिवार को रतनपुरा गांव में विशेष सर्वे और निगरानी अभियान शुरू किया। घर-घर जाकर 353 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति में चांदीपुरा वायरस संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। इसके बावजूद संभावित संक्रमण को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि गांव में लगातार स्वास्थ्य निगरानी, सर्वे, फॉगिंग और संक्रमण नियंत्रण के उपाय जारी हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन विभाग पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है तथा लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध मरीज की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
संक्रमण रोकने के लिए व्यापक अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में पायरेथ्रम स्प्रे, फॉगिंग और एंटी-लार्वल गतिविधियां शुरू कर दी हैं। ग्रामीणों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों और सैंडफ्लाइज (रेतीली मक्खी) से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही तेज बुखार, उल्टी, सिरदर्द, दौरे या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।
गुजरात से मिली सूचना के बाद हरकत में आया विभाग
जानकारी के अनुसार बच्ची के सैंपल 15 जुलाई को हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में लिए गए थे और उसी दिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव लौट आए, लेकिन स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में अस्पताल ने रिपोर्ट गुजरात सरकार को भेजी, जहां से राजस्थान स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद जयपुर से डूंगरपुर सीएमएचओ कार्यालय को अलर्ट जारी हुआ और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।