8 पूर्व पार्षदों पर भरोसा, कई वरिष्ठ नेताओं के टिकट कटे, वार्ड 59 के नाम पर सवाल
उदयपुर, 30 अगस्त: उदयपुर नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को सभी 80 वार्डों में अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। सूची में संगठन से जुड़े प्रमुख नेताओं के परिवारों को भी प्रतिनिधित्व मिला है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कुंवर राठौड़ को वार्ड 17 से और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के भतीजे की पत्नी हितांशी शर्मा को वार्ड 73 से टिकट दिया गया है। वहीं पिछली बार महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी रहे अरुण टांक सहित आठ पूर्व पार्षदों पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है। दूसरी ओर कई वरिष्ठ नेताओं के टिकट काटे जाने और कुछ वार्डों में बाहरी प्रत्याशियों को मौका देने से पार्टी के भीतर असंतोष के स्वर भी उठने लगे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरीश चौधरी के निर्देशानुसार प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है।
पूर्व पार्षदों पर फिर भरोसा
कांग्रेस ने आठ पूर्व पार्षदों को दोबारा मैदान में उतारा है। इनमें अरुण टांक, शंकर चंदेल, हितांशी शर्मा, मोनिका गुर्जर, हिदायत तुल्ला, शिप्रा उपाध्याय, लक्ष्मीनारायण मेघवाल और नेहा कुमावत शामिल हैं। यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन केलावत, युवा चेहरे सिद्धार्थ सोनी और भाजपा से जनता सेना होते हुए कांग्रेस में आए पंकज सुखवाल को भी टिकट मिला है।
वार्ड 59 के नाम पर कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल
वार्ड 59 में विनिया सालवी को प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठे हैं। कार्यकर्ताओं ने मंडल स्तर से ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह से संपर्क कर पूछा कि वार्ड से सात लोगों ने आवेदन किए थे, लेकिन उनमें विनिया सालवी का नाम नहीं था। ब्लॉक अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की आपत्ति पार्टी मंच तक पहुंचाने की बात कही है।
कई दिग्गजों के टिकट कटे
कांग्रेस की सूची में वरिष्ठ नेता राजीव सुहालका और राव कल्याण सिंह का नाम नहीं है। वहीं अजय पोरवाल और देवेंद्र माली को भी टिकट नहीं मिलने की चर्चा है। अजीत चौधरी को वार्ड 6 से प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि उनका क्षेत्र वार्ड 2 बताया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच कुछ अन्य वार्डों में भी स्थानीय दावेदारों की जगह बाहरी चेहरों को टिकट दिए जाने को लेकर नाराजगी की चर्चा है।
पूर्व सरपंचों और नए चेहरों को भी मौका
कांग्रेस ने नगर निगम सीमा में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों के राजनीतिक चेहरों को भी टिकट दिया है। बड़गांव के पूर्व सरपंच संजय शर्मा को वार्ड 1 से, अंबेरी के सरपंच बाबूलाल गमेती को वार्ड 79 से और सापेटिया सरपंच पुष्करलाल के बेटे योगेश पुष्करना को वार्ड 80 से प्रत्याशी बनाया गया है। उप सरपंच रमेश डांगी को भी टिकट मिला है।
एबीवीपी से कांग्रेस तक, सत्येंद्र को टिकट
वार्ड 66 से सत्येंद्र को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े रहे हैं। कांग्रेस की पूरी सूची सामने आने के साथ ही अब पार्टी के सामने टिकट से वंचित दावेदारों और नाराज कार्यकर्ताओं को साधने की चुनौती होगी। नामांकन की अंतिम समय-सीमा नजदीक होने के कारण अगले 24 घंटे में पार्टी के भीतर संभावित बगावत और निर्दलीय नामांकन पर भी नजर रहेगी।