रात्रि चौपाल में कलेक्टर की सख्ती, गैरहाजिर अधिकारी पर निलंबन के निर्देश

Share

डूंगरपुर, 1 मई : जिले की करावाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर देशलदान ने प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित मिले रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक के निलंबन के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों से जवाब-तलब किया और त्वरित समाधान के आदेश जारी किए।
ग्रामीणों की समस्याओं पर सीधा संवाद
राजकीय सीनियर माध्यमिक स्कूल परिसर में आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कलेक्टर ने आमजन से सीधे संवाद कर पानी, सड़क, शिक्षा, सिंचाई और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी परेशानियां रखीं, जिस पर संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रसद विभाग पर गुस्सा, अधिकारी अनुपस्थित
चौपाल के दौरान रसद विभाग से संबंधित शिकायतों की भरमार रही। जब कलेक्टर ने मौके पर अधिकारियों की उपस्थिति जांची तो रसद अधिकारी और प्रवर्तन निरीक्षक दोनों नदारद मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने प्रवर्तन निरीक्षक के तत्काल निलंबन के निर्देश दिए, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
पेयजल, सड़क और स्कूल की उठी मांगें
ग्रामीणों ने पेयजल संकट दूर करने, नए हैंडपंप लगाने, गांव की सड़कों का डामरीकरण कराने और स्कूल में रिक्त पद भरने की मांग रखी। साथ ही नए कक्ष निर्माण, अधूरी नालियों को पूरा करने और लघु सिंचाई योजनाओं के तहत तालाबों की मरम्मत की मांग भी सामने आई।
सुरक्षा और विकास कार्यों पर जोर
ग्रामीणों ने गांवों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने रिपोर्ट तलब की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।