श्रावण मास का शुभारंभ, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Share

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतारें
उदयपुर, 30 जुलाई:
श्रावण मास के शुभारंभ के साथ गुरुवार को झीलों की नगरी उदयपुर पूरी तरह शिवमय हो उठी। शहर के प्रमुख शिवालयों में ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, पंचामृत, बेलपत्र, धतूरा और भांग से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्रावण कृष्ण प्रतिपदा से वैष्णव मंदिरों में भी धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ हुआ। जगदीश मंदिर, विट्ठलनाथ मंदिर सहित विभिन्न ठाकुरजी मंदिरों में हिंडोला उत्सव शुरू हुआ। पूरे श्रावण मास में ठाकुरजी का प्रतिदिन अलग-अलग फूलों, पत्तियों और आकर्षक सजावट से विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
उधर, फतहसागर यूडीए मार्ग स्थित ऐतिहासिक नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवोत्सव का आगाज हुआ। शिव दल के अनुसार 30 जुलाई से 29 अगस्त तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 11 अगस्त को विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी, जबकि पूरे सावन में प्रतिदिन भस्म आरती, भजन संध्या और प्रत्येक सोमवार को 1000 दीपों से महाआरती का आयोजन होगा। पूरे शहर में श्रावण के पहले दिन भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।