जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उच्च संस्थानों में जांच के लिए किया रेफर
उदयपुर, 30 जुलाई: मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण (एमसीएचएन) दिवस पर जिले के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष सत्र आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और बच्चों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान गर्भवतियों की स्क्रीनिंग कर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) की पहचान की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच के साथ उन्हें सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक किया गया। सीएमएचओ सैकण्ड डॉ ओमप्रकाश रायपुरिया ने बड़गांव क्षेत्र में, डिप्टी सीएमएचओ डॉ विक्रम सिंह ने झाडोल क्षेत्र में, डिप्टी सीएमएचओ डॉ हितेश प्रताप सिंह ने मावली क्षेत्र में, एडिशनल सीएमएचओ डॉ रागिनी अग्रवाल ने शहर में, आरसीएचओ डॉ राकेश गुप्ता ने गिर्वा क्षेत्र में, शहर प्रभारी डॉ कैलाश शर्मा ने शहरी क्षेत्रों में निरीक्षण किया। सभी ब्लाक सीएमएचओ और बीपीओ ने अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किया।वहीं आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि सत्रों में बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, एचआईवी और सिफलिस सहित आवश्यक जांचें की गईं तथा जटिल मामलों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।
जिले के सभी ब्लॉकों में स्वास्थ्य अधिकारियों ने सत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।