उदयपुर, 4 अप्रैल: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गुलाब सिंह शक्तावत मंडल के वार्ड 62, 63, 64 एवं 68 की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। वार्ड एवं बूथ कमेटियों के गठन को प्राथमिकता देते हुए सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उपाध्यक्ष लोकेश चौधरी, दीपक व्यास, महामंत्री राजेश जैन, कोषाध्यक्ष लवंग मुड़िया और सचिव बंसीलाल गवारिया को प्रभारी नियुक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राठौड़ ने राज्य सरकार पर स्थानीय निकाय चुनाव टालने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव घोषित नहीं किए गए तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जन आंदोलन करेगी।
महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।