पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
उदयपुर, 30 मई: बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। हिरणमगरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं गिर्वा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में पारस सर्कल पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
आम आदमी का बजट बिगड़ने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आमजन, विशेषकर मध्यम एवं गरीब वर्ग की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों से घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और परिवारों के लिए जीवनयापन कठिन होता जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को घेरा
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विवेक कटारा ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण करने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे आमजन दोहरी मार झेलने को मजबूर है।
उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी अरविंद डामोर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया और आम जनता को राहत नहीं मिली तो कांग्रेस आगामी दिनों में जनहित के मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन जारी रखेगी। प्रदर्शन में दिव्यानी कटारा, शैलेष मिश्रा, ओम डांगी, मुस्तफा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।