इंडक्शन चूल्हे में छिपाकर लाई जा रही 1.74 करोड़ की सोने की खेप जब्त

Share

डूंगरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन युवक हिरासत में; कुवैत से जुड़े तस्करी के तार
डूंगरपुर, 30 मई:
डूंगरपुर जिले में जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-48 पर एक बड़ी सोना तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक कार से इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन चूल्हे में छिपाकर ले जाया जा रहा 1 किलो 77 ग्राम 840 मिलीग्राम सोना बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि डीएसटी को सूचना मिली थी कि अवैध सोने की खेप एनएच-48 से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर लेहना घाटी क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई।
चूल्हे के भीतर मिली सोने की रिंगें
तलाशी के दौरान कार में रखे इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन चूल्हे ने पुलिस का ध्यान खींचा। जांच करने पर उसके अंदर सोने की रिंगें छिपाकर रखी मिलीं। तस्करों ने पुलिस और कस्टम अधिकारियों की नजरों से बचने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया था। पुलिस ने कार और सोने को जब्त कर लिया।
कुवैत से जुड़े मिले तस्करी के तार
पुलिस ने बांसवाड़ा जिले के नडियादा निवासी राजपाल सिंह, नवागांव निवासी परवेश पाटीदार और कुंवारिया निवासी प्रदीप पाटीदार को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजपाल सिंह कुवैत में काम करता है और अहमदाबाद एयरपोर्ट के जरिए भारत पहुंचा था। वहीं परवेश और प्रदीप उसे लेने अहमदाबाद गए थे।
तीन विभाग भी करेंगे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर, जीएसटी और कस्टम विभाग को भी सूचना दी है। अब तीनों विभाग अपने स्तर पर जांच करेंगे। पुलिस तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई है।