उदयपुर में वार्ड-बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति तय
उदयपुर, 1 अप्रैल: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चल रहे ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने हकीम खां सूरी मंडल के वार्ड 2, 6, 7, 8 और 9 की संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने की, जिसमें बूथ और वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन को लेकर रणनीति बनाई गई।
राठौड़ ने केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव नहीं कराकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन में निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं होगी और केवल जमीनी कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारी दी जाएगी। हर बूथ पर कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। बैठक में पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया सहित कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।