गर्दन में चाकू घोंपा, प्रॉपर्टी विवाद को माना जा रहा कारण; आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 4 जून: जिले के अरनोद थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हथुनिया थाने में तैनात एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने अपने छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने भाई की गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है।
घर के बाहर बैठा था, पीछे से किया हमला
पुलिस के अनुसार नागदेड़ा गांव निवासी मुकेश मीणा अपने मित्र के साथ घर के बाहर पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कैलाश मीणा पीछे से आया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
जमीन विवाद से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव और कहासुनी होती रहती थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।