ब्लैकमेलिंग से परेशान दंपती ने खाया जहर, पत्नी की हालत गंभीर

Share

युवती को शादी से पहले से धमका रहा था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
उदयपुर, 23 जून:
शहर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में कथित ब्लैकमेलिंग और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर एक नवविवाहित दंपती ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। दोनों को गंभीर हालत में एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पत्नी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर धमकी, मिलने का दबाव
पुलिस के अनुसार युवती ने बयान में बताया कि आरोपी शादी से पहले से उसे परेशान कर रहा था। वह सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां देता और मिलने का दबाव बनाता था। आरोप है कि उसने युवती के पति को भी घेरकर मारने का प्रयास किया था।
परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
युवती के पिता का आरोप है कि आरोपी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठ चुका था। उन्होंने बताया कि पूर्व में कई बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं हुई। पिता ने कहा कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो उनकी बेटी को यह कदम नहीं उठाना पड़ता। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।