हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
डूंगरपुर, 8 जुलाई: डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दोवड़ा तिराहे पर एक तेज रफ्तार क्रेन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्रेन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दोवड़ा थाना के एएसआई मणिलाल ने बताया कि दोवड़ा तिराहे पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में पड़े मिले। जांच में उनकी पहचान रतनपुरा निवासी गणेश लाल और उनकी पत्नी जशोदा के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों शवों को निजी वाहन की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार क्रेन चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।