अंतिम संस्कार से पहले फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
उदयपुर, 8 जुलाई: गोगुंदा क्षेत्र की मोड़ी ग्राम पंचायत के वेलावतों की भागल में श्मशान घाट का रास्ता बंद होने से एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा बीच रास्ते में ही रुक गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर अर्थी रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और रास्ता खुलवाने की मांग पर अड़ गए।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार सुबह अंबाव सिंह राजपूत का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में कांटेदार झाड़ियां लगाकर मार्ग बंद मिला। इससे अंतिम यात्रा आगे नहीं बढ़ सकी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह वर्षों पुराना सार्वजनिक रास्ता है, जिसका उपयोग अंतिम संस्कार समेत अन्य कार्यों के लिए होता रहा है। करीब दस दिन पहले भूमि विवाद के चलते खातेदार ने इसे बंद कर दिया था। इस संबंध में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस को पहले ही अवगत कराया जा चुका था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि रास्ता खुलने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।