1 सेंटीमीटर की चांदी की थाली में सजाई सोने की पूजा सामग्री
डॉ. इकबाल सक्का की सूक्ष्म कलाकृति, आधा ग्राम सोने-चांदी से तीन दिन में किया तैयार
उदयपुर, 3 नवम्बर: दीपावली पर घर-घर में मां लक्ष्मी के पूजन के लिए पूजा की थाली सजाई जाती है, लेकिन उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण शिल्पी एवं 211 वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर प्रोफेसर डॉ. इकबाल सक्का ने दुनिया की सबसे छोटी दिवाली पूजा थाली बनाकर अपनी सूक्ष्म शिल्पकला का अनूठा नमूना पेश किया है। महज एक सेंटीमीटर की चांदी की थाली में उन्होंने राई के दाने से भी छोटी पूजा सामग्री तैयार कर सजाई है।
डॉ. सक्का ने बताया कि इस कलाकृति को तैयार करने के पीछे उनकी भावना है कि दीपावली पर मां लक्ष्मी का आगमन हर घर में हो और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां आएं। इसी संदेश के साथ उन्होंने यह विशेष कलाकृति तैयार की है।
इस अनूठी थाली में सोने का दीपक, चावल, पानी का पात्र, कुमकुम की डिब्बी, नारियल, कलावा, छेद वाला सोने-चांदी का सिक्का और चांदी की दो पगलियां शामिल हैं। प्रत्येक वस्तु का आकार करीब एक मिलीमीटर बताया गया है। थाली पान के आकार की है। डॉ. सक्का के अनुसार, इस कलाकृति को बनाने में तीन दिन लगे। इसके निर्माण में आधा ग्राम चांदी और आधा ग्राम सोने का इस्तेमाल किया गया।