होटल सर्च में गोवा और जयपुर को पछाड़ा, 6 से 14 नवम्बर के बीच ठहरने के लिए सबसे ज्यादा खोजा गया लेकसिटी को
उदयपुर, 3 नवम्बर: दिवाली की छुट्टियों में घूमने के लिए उदयपुर देशभर के पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म बुकिंग डॉट कॉम की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 6 से 14 नवम्बर के बीच ठहरने के लिए होटल सर्च में उदयपुर ने गोवा और जयपुर जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। यह आंकड़ा लेकसिटी के बढ़ते पर्यटन आकर्षण और घरेलू पर्यटकों के बीच इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक होटल सर्च में सालाना 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि दिवाली के लिए होटल बुकिंग में 156 प्रतिशत और फ्लाइट बुकिंग में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। घरेलू पर्यटन स्थलों की शीर्ष सूची में जयपुर पहले, उदयपुर दूसरे और गोवा चौथे स्थान पर रहा। वाराणसी चौथे और मुन्नार पांचवें स्थान पर लोकप्रिय रहा।
रिपोर्ट में पर्यटकों की पसंद के अलग-अलग रुझान भी सामने आए हैं। मुंबई, नई दिल्ली और बेंगलुरु में अकेले यात्रा करने वालों और कपल्स के बीच यात्रा की खोज अधिक रही, जबकि उदयपुर, जयपुर और वाराणसी को कपल्स, परिवारों और दोस्तों के समूह ने पसंद किया। मुन्नार और पुरी जैसे स्थलों के लिए परिवारों की रुचि अधिक दिखाई दी।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन में बैंकॉक भारतीय यात्रियों की पहली पसंद रहा। इसके बाद दुबई, टोक्यो और सिंगापुर का स्थान रहा। कुल मिलाकर दिवाली के दौरान उदयपुर की होटल सर्च में शीर्ष पर पहुंचना पर्यटन कारोबार के लिए उत्साहजनक संकेत है।