10 हार्डकोर और 147 हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर दबिश
उदयपुर, 4 अक्टूबर: जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए उदयपुर पुलिस ने व्यापक रेड और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और वृत्ताधिकारियों की निगरानी में गठित टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। अभियान के तहत जिलेभर में 49 नए प्रकरण दर्ज कर कुल 354 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 10 हार्डकोर और 147 हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों और संपत्ति संबंधी जानकारी जुटाई। कार्रवाई में 61 स्थायी वारंटी और 14 गिरफ्तारी वारंटी भी पकड़े गए। आर्म्स एक्ट के 2 तथा एनडीपीएस एक्ट के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 33 नए प्रकरण दर्ज कर 25 आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि आर्म्स एक्ट में 6 नए मामले दर्ज हुए और 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए। अन्य मामलों में 71 गिरफ्तारियां हुईं तथा एक इनामी अपराधी भी पकड़ा गया। पूर्व में चालानशुदा 154 अपराधियों को विभिन्न धाराओं में पाबंद कराया गया। एसपी ने कहा कि अपराधियों, नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एएनटीएफ ने पकड़ा 100वां इनामी अपराधी, ऑपरेशन मारामन में तस्कर गिरफ्तार
25 हजार का इनामी निम्बाराम तीन साल से था फरार; गवरी नृत्य की भीड़ में छिपा तो पीछा कर दबोचा
चित्तौड़गढ़, 4 अक्टूबर: राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने गठन के एक वर्ष पूरा होने से पहले 100वें फरार इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। 7 अक्टूबर को स्थापना का एक वर्ष पूरा करने जा रही एएनटीएफ ने ऑपरेशन मारामन के तहत चित्तौड़गढ़ से 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर निम्बाराम उर्फ निमाराम को पकड़ा। आरोपी करीब तीन वर्ष से फरार था और उसके खिलाफ 26 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी जोगणिया माता क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में मध्यप्रदेश से मारवाड़ में डोडा पोस्त की खेप सप्लाई करने की योजना को लेकर साथियों के साथ बैठक कर रहा है। टीम ने रिसॉर्ट की घेराबंदी की। पुलिस वाहन देखते ही आरोपी दीवार फांदकर खेतों की ओर भागा।
टीम ने करीब एक से दो किलोमीटर तक पीछा किया। आरोपी जोगणिया माता मंदिर परिसर में चल रहे पारंपरिक गवरी नृत्य के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में छिप गया। टीम ने भीड़ के बीच उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार फलोदी जिले के लोहावट क्षेत्र निवासी निम्बाराम ने कक्षा आठ के बाद ट्रक चलाना शुरू किया था। जेल में रहने के दौरान उसका संपर्क तस्करों से हुआ। वर्ष 2024 में वह डोडा चूरा से भरी गाड़ी छोड़कर फरार हुआ था। उसके खिलाफ एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, आबकारी, हत्या के प्रयास, लूट सहित 26 मामले दर्ज हैं।
स्वास्थ्य निरीक्षक के सूने घर से 4.25 लाख की चोरी
परिवार अजमेर गया था, चोरों ने दरवाजे और अलमारियों के ताले तोड़े; जाते समय सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा
उदयपुर, 4 अक्टूबर: प्रतापनगर थाना क्षेत्र के ढीकली वाड़ा में नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक के सूने मकान से चोर करीब 4.25 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। परिवार किसी काम से अजमेर गया हुआ था। शनिवार रात चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 1.25 लाख रुपए नकद तथा 3 लाख रुपए कीमत के सोना-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
नगर निगम स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाषचंद्र पुत्र स्वर्गीय जमनालाल शर्मा निवासी नाकोड़ा विहार, ढीकली वाड़ा ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को परिवार अजमेर गया था। रात में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़ने के लिए गैंती का इस्तेमाल किया। इसके बाद कमरों के दरवाजे और अलमारियों के ताले तोड़कर सामान खंगाला। पलंग के बॉक्स और अलमारियों में रखे कपड़े भी बिखेर दिए। चोर जाते समय घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर नीचे गिरा गए।
सुबह पड़ोसियों ने घर के दरवाजे टूटे और सामान बिखरा देखा तो परिवार को मोबाइल पर सूचना दी। परिवार अजमेर से वापस लौटा और पुलिस को रिपोर्ट दी।
सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है।
अवैध पिस्टल सहित आरोपी गिरफ्तार
अंबामाता पुलिस की कार्रवाई, हथियार के स्रोत और सप्लायर की तलाश जारी
उदयपुर, 4 अक्टूबर: अपराधियों की धरपकड़ और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंबामाता थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्टल सहित गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस टीम ने ब्रह्मपोल बड़ी मस्जिद रोड पर साहिल खान (19) निवासी सज्जन नगर के पास दबिश देकर तलाशी ली। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया। पूछताछ में हथियार की खरीद-फरोख्त, उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
25 हजार का इनामी भगोड़ा गिरफ्तार
चूरू के आबकारी मामले में लंबे समय से था वांछित
उदयपुर, 4 अक्टूबर: सुखेर थाना पुलिस की विशेष टीम ने 25 हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चूरू जिले के रतननगर थाने में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर संबंधित पुलिस को सूचना दी। उसके खिलाफ धारा 299 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी में सुखेर थाना पुलिस और स्पेशल टीम की भूमिका रही।
बुजुर्ग से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
कानोड़ पुलिस ने चांदी का कड़ा भी बरामद किया
उदयपुर, 4 अक्टूबर: कानोड़ थाना पुलिस ने बुजुर्ग को बातों में उलझाकर चांदी का कड़ा पार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिवा (35) निवासी सिंगपुरा, थाना खमेरा, बांसवाड़ा ने बुजुर्ग को बातों में उलझाकर नकली कड़ा थमाया और हाथ से असली चांदी का कड़ा ले लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चांदी का कड़ा बरामद किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य मामलों और साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
स्विफ्ट कार से 42 किलो डोडा चूरा बरामद
नाकाबंदी के दौरान भागने का प्रयास, पाली निवासी तस्कर गिरफ्तार
उदयपुर, 4 अक्टूबर: बेकरिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार से 42 किलो 260 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने 4 अक्टूबर को सिलवटी घाटी क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार नंबर RJ27CG 6032 आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार की तलाशी में डिक्की के अंदर प्लास्टिक का कट्टा मिला, जिसमें 42 किलो 260 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी देवेन्द्र सिंह (29) निवासी चौहानो का वास, सेंदड़ा, पाली को गिरफ्तार किया।
चार ट्रांजैक्शन में 2.94 लाख की साइबर ठगी
चित्तौड़गढ़, 4 अक्टूबर: शहर के गांधीनगर निवासी 59 वर्षीय अशोक कुमार दशोरा के बैंक खाते से 29 सितंबर की शाम कुछ ही मिनटों में चार ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 2.94 लाख रुपए निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम पोर्टल पर ई-एफआईआर करवाई। शनिवार को उन्होंने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट के साथ साइबर शिकायत, ई-एफआईआर और बैंक स्टेटमेंट सौंपा। पुलिस ने शनिवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अब ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटाकर यह पता लगाया जा रहा है कि रकम किन खातों में गई और ठगों ने खाते तक पहुंच कैसे बनाई।
अवैध ब्याज वसूली और धमकी का आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 4 अक्टूबर: अवैध ब्याज वसूली और धमकी देने के मामले में हथुनिया थाना पुलिस ने अमान (19) उर्फ कालू को नीमच जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। मोखमपुरा निवासी शाबास खां ने 2 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी में कुशाल खान से 7 लाख रुपए उधार लिए थे, जो ब्याज सहित 22 लाख रुपए हो गए। आरोप है कि रकम नहीं देने पर पुश्तैनी मकान से बेदखल करने और एनडीपीएस मामले में फंसाने की धमकी दी गई। 13 मई को आरोपियों ने घर में घुसकर डराया-धमकाया और मकान पर ताला लगा दिया था। अमान के खिलाफ रंठाजना थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला भी दर्ज है।