नवरात्रि से दीपावली तक हवाई किरायों में बेतहाशा उछाल, उदयपुर से बेंगलुरु का टिकट ₹23 हजार पार

Share

पुणे ₹22,900, मुंबई ₹16,700 और दिल्ली ₹7,999 तक पहुंचा; त्योहारी सीजन में यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ
उदयपुर, 3 अक्टूबर:
नवरात्रि से दीपावली तक त्योहारी सीजन में उदयपुर से हवाई यात्रा करना यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है। त्योहारी सीजन की पीक तारीखों में विभिन्न शहरों के लिए विमान किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा किराया उदयपुर-बेंगलुरु रूट पर 26 अक्टूबर को ₹23,246 तक पहुंच गया है। वहीं पुणे का किराया 22 अक्टूबर को ₹22,900 और मुंबई का पीक तारीखों पर करीब ₹16,700 तक पहुंच गया है।
सामान्य दिनों में करीब ₹14,558 रहने वाला उदयपुर-पुणे हवाई किराया त्योहारी सीजन में करीब ₹22,900 तक पहुंच गया है। यानी यात्रियों को एक टिकट के लिए सामान्य किराये की तुलना में करीब ₹8,300 अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। इसी तरह मुंबई रूट पर किराया बढ़कर ₹16,700 तक पहुंच गया है, जो सामान्य किराये के मुकाबले लगभग दोगुना बताया जा रहा है।
दिल्ली का किराया भी बढ़ा, अहमदाबाद में राहत
उदयपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए 30 अक्टूबर का किराया करीब ₹7,999 है। इसमें सामान्य किराये की तुलना में करीब ₹1,050 की वृद्धि हुई है। हालांकि अहमदाबाद रूट पर स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर है और किराया करीब ₹10,970 बना हुआ है।
त्योहारी सीजन में बढ़ी हवाई यात्रा की मांग
नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के बीच बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और परिवारों के पास जाने के लिए यात्रा करते हैं। ऐसे में सीमित सीटों पर बढ़ती मांग का सीधा असर विमान किरायों पर दिखाई दे रहा है। 26 अक्टूबर को बेंगलुरु और 22 अक्टूबर को पुणे का किराया ₹22 हजार के पार पहुंचना इसका बड़ा उदाहरण है। त्योहारी सीजन में उदयपुर से बाहर जाने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती किराये में अचानक आया उछाल है। खासकर बेंगलुरु और पुणे जैसे रूट पर समय पर टिकट बुक नहीं करने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में हजारों रुपये अधिक खर्च करने पड़ सकते हैं।
उदयपुर-बेंगलुरु 26 अक्टूबर ₹23,246
उदयपुर-पुणे 22 अक्टूबर ₹22,900
उदयपुर-मुंबई पीक तिथियां ₹16,700 तक
उदयपुर-दिल्ली 30 अक्टूबर ₹7,999
उदयपुर-अहमदाबाद त्योहारी अवधि ₹10,970