भींडर पुलिस की नाकाबंदी में पकड़े गए, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त
उदयपुर, 5 अक्टूबर: भींडर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम 60 मिलीग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और वृताधिकारी वल्लभनगर श्रवणदास संत के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। 4 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर विजयमगड़ी की सरहद में नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर दो युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। टीम ने पीछा कर सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल रुकवाई। पीछे बैठा युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी में चालक विनोद बंजारा के कब्जे से 11.60 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान विनोद (19) पुत्र कालू बंजारा और परशराम (21) पुत्र भैरूलाल, निवासी लक्ष्मीपुरा, थाना मंगलवाड़, चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई। मामले की जांच कानोड़ थानाधिकारी भंवरलाल कर रहे हैं।
24 शीशियां कोडीन सिरप जब्त, 4 गिरफ्तार
उदयपुर, 5 अक्टूबर: डबोक थाना क्षेत्र के भूतपुरा गांव में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवा कोडीन सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 शीशियां जब्त कीं और दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अवैध बिक्री की सूचना पर डबोक थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने एक मकान पर दबिश दी। तलाशी में कोडीन सिरप बरामद हुआ। पुलिस ने मांगी बाई, पुष्पा, भूरी लाल और दिनेश को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम का विरोध और हाथापाई का प्रयास किया, जिसे नियंत्रित कर कार्रवाई जारी रखी गई। चुन्नी लाल और देवेंद्र मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ सिरप की आपूर्ति के स्रोत का पता लगा रही है।
397 ठिकानों पर दबिश, 105 गिरफ्तार
राजसमंद, 5 अक्टूबर: पंचायतीराज चुनाव से पहले राजसमंद पुलिस ने अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 397 स्थानों पर दबिश दी। 69 पुलिस टीमों में शामिल 229 पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में 105 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित सात आरोपी शामिल हैं। आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तारी वारंट वाले सात, आबकारी अधिनियम में चार तथा स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधियों की श्रेणी में 16 लोगों को पकड़ा गया। एएसपी महेंद्र पारीक ने बताया कि हार्डकोर अपराधी, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थ तस्करों की श्रेणी में तीन गिरफ्तारियां हुईं। एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि जिले के चारों सर्किल में कार्रवाई की गई।
स्कूल के पास मिला छह माह का भ्रूण
प्रतापगढ़, 5 अक्टूबर: अचलपुर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सोमवार सुबह शौचालय के पास भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल स्टाफ के पहुंचने पर मामले की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। सुहागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस उप निरीक्षक पूनमचंद ने बताया कि प्रधानाचार्य की सूचना पर पुलिस टीम स्कूल पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार भ्रूण करीब छह माह का है और उसे जानवरों ने भी नुकसान पहुंचाया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद भ्रूण को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्कूल और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर भ्रूण छोड़ने वाले की तलाश की जा रही है।