जयसमंद से तीन पंचायत समितियों को जोड़ने की मांग

Share

सांसद मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, करीब 4 लाख आबादी को पेयजल-सिंचाई लाभ का दावा
उदयपुर, 7 अक्टूबर:
सलूंबर जिले के सराड़ा, सेमारी और मेवल क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई संकट के स्थायी समाधान के लिए उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने जयसमंद झील से इन क्षेत्रों को जोड़ने वाली अतिरिक्त योजना को प्रशासनिक स्वीकृति देने की मांग की है।
सांसद के अनुसार सराड़ा, केजड़, चावंड, नठारा, नालहलकार, सरसियां और थाना सहित कई गांव भूजल स्तर गिरने से संकट झेल रहे हैं। पथरीले-पहाड़ी क्षेत्र में बारिश कम होने पर ग्रामीणों को टैंकरों पर निर्भर होना पड़ता है। जयसमंद पास होने के बावजूद पानी नहीं मिलने से ग्रामीण लंबे समय से इसकी मांग उठा रहे हैं। सांसद ने कहा कि योजना मंजूर होने पर सराड़ा, सेमारी और मेवल क्षेत्र की करीब 4 लाख आबादी को लाभ मिलेगा तथा कृषि को भी पानी मिल सकेगा। पत्र में करीब 7,300 करोड़ रुपए की जाखम-जयसमंद वृहद जल परियोजना का भी उल्लेख किया गया है, जिसके तहत माही-जाखम का अतिरिक्त पानी पाइपलाइन से जयसमंद लाने की योजना है। सांसद ने स्थानीय तालाबों और जलस्रोतों को भी इस तंत्र से जोड़ने के लिए तकनीकी सर्वे की मांग की है।