बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 470 ग्राम ड्रग्स बरामद, उदयपुर से बाड़मेर ले जाने की थी तैयारी
उदयपुर, 7 अक्टूबर: हिरणमगरी थाना पुलिस और एसपी स्पेशल टीम (डीएसटी) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 470 ग्राम एमडीएमए बरामद की। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है।
आरोपी यह खेप उदयपुर से बाड़मेर ले जाने की फिराक में थे। कार्रवाई उमरड़ा घाटा से खेड़ा बावजी की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई। थानाधिकारी रविंद्र सिंह चारण ने बताया कि एसपी डॉ. अमृत दुहन के निर्देशन में अभियान चल रहा है। सूचना पर नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर वाहन रोक लिया गया। तलाशी में शंकर से 204 ग्राम और नरेश से 266 ग्राम एमडीएमए मिला। आरोपियों की पहचान मनीष मेघवाल निवासी कूण, शंकर गायरी निवासी जैवाणा और नरेश विश्नोई निवासी गोडा गांव, चौहटन के रूप में हुई। पूछताछ में बिना नंबर वाहन से सीसीटीवी और टोल पर पहचान छिपाने की बात सामने आई। पुलिस अब सप्लायर और डिलीवरी लेने वाले का पता लगा रही है।