ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने यूडीए से आवंटित भूमि का पट्टा सौंपा
उदयपुर, 13 मई: उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा के प्रयासों से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवाली को विद्यालय भवन और खेल मैदान के लिए भूमि आवंटित की गई है। यूडीए द्वारा विद्यालय भवन निर्माण हेतु 2886 वर्गमीटर तथा खेल मैदान के लिए 6174 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई।
विधायक फूलसिंह मीणा ने यूडीए से प्राप्त भूमि का पट्टा विद्यालय की प्रधानाचार्य को सौंपा और मौके पर पहुंचकर भूमि का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक मीणा ने बताया कि विद्यालय भवन और खेल मैदान के लिए वर्षों से मांग की जा रही थी, लेकिन शहर के समीप विभाग के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होने से समस्या बनी हुई थी। लगातार प्रयास और विभागीय समन्वय के बाद यूडीए से जमीन आवंटित करवाई गई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब विद्यालय भवन और खेल मैदान बनने से आसपास के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि खेल मैदान बनने से विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में भी बेहतर अवसर मिलेंगे और शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।