चांदी का छत्र भी ले गए बदमाश, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
उदयपुर, 27 सितंबर: हिरणमगरी थाना क्षेत्र की मिनाथ जैन कॉलोनी स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अलसुबह बदमाशों ने दानपात्र तोड़कर नकदी और चांदी का छत्र सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मंदिर समिति के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है।
सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो दानपात्र का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा मिला। सूचना पर मंदिर समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
बताया गया कि घटना अलसुबह करीब 3:40 बजे हुई। फुटेज में दो बदमाश नजर आ रहे हैं। इनमें से एक ने सिर पर सफेद कपड़ा लपेट रखा था। वह लोहे के औजार से दानपात्र तोड़ता दिखाई दे रहा है।
एएसपी उमेश ओझा के निर्देश पर पुलिस टीम जांच कर रही है। घटना के बाद भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री, मंदिर समिति अध्यक्ष शांतिलाल अखावत और सचिव डॉ. महावीर प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद करने की मांग की।