उदयपुर आने का दिया आमंत्रण, राष्ट्रपति ने मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य परंपरा की सराहना की
नई दिल्ली/उदयपुर, 7 जुलाई: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई।
भेंट के दौरान डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को उदयपुर एवं मेवाड़ पधारने का सादर आमंत्रण दिया। इस पर राष्ट्रपति ने उदयपुर की ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य और मेवाड़ की विश्वविख्यात ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा की सराहना करते हुए इस सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त की।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने राष्ट्रपति से हुई आत्मीय मुलाकात पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह एवं मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी है। उन्होंने राष्ट्रपति महोदया को उदयपुर आगमन के लिए आमंत्रित करने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता जताई। यह शिष्टाचार भेंट सौहार्द, सांस्कृतिक संवाद और मेवाड़ की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।