उदयपुर पुलिस की नई पहल : फोटो, वीडियो, ऑडियो और लाइव लोकेशन भेजकर मांग सकेंगे सहायता, अधिकारियों की रहेगी रियल टाइम मॉनिटरिंग
उदयपुर, 7 जुलाई: देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए उदयपुर पुलिस ने ‘व्हाट्सएप हेल्पलाइन विद एआई चैटबॉट’ सेवा शुरू की है। इस नई व्यवस्था के तहत पर्यटक और नागरिक अब केवल एक व्हाट्सएप संदेश भेजकर पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
आईजी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 7300059984 पर शिकायत भेजते ही एआई आधारित चैटबॉट शिकायतकर्ता से सामान्य बातचीत की तरह आवश्यक जानकारी लेगा। इसके बाद शिकायत संबंधित पुलिस थाने या कालिका पुलिस पेट्रोलिंग टीम तक तुरंत पहुंच जाएगी, जिससे मौके पर शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक टेक्स्ट, फोटो, वीडियो, ऑडियो और लाइव लोकेशन साझा कर सकेंगे। पूरा सिस्टम एआई आधारित रियल टाइम डैशबोर्ड से जुड़ा है, जहां जीआईएस मैप पर घटना का सटीक स्थान दिखाई देगा। इससे पुलिस की प्रतिक्रिया पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी।
आईजी ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य केवल आपातकालीन सहायता ही नहीं, बल्कि पर्यटकों को पर्यटन स्थलों, अस्पतालों, पुलिस थानों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उदयपुर पर्यटन नगरी है और यहां पूरे वर्ष बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। ऐसे में व्हाट्सएप जैसे आसान और लोकप्रिय माध्यम के जरिए पुलिस से जुड़ना उनके लिए अधिक सुविधाजनक होगा।
सभी थानाधिकारियों को किया प्रशिक्षित : डॉ. अमृता
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि इस प्रणाली के संचालन के लिए सभी थाना प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। निर्देश दिए गए हैं कि सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचे और कार्रवाई पूरी होने के बाद डैशबोर्ड पर प्रकरण को ‘क्लोज्ड’ दर्ज करे। इसकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारी रियल टाइम में करेंगे। एएसपी, डीएसपी, सीआई, साइबर थाना, मानव तस्करी यूनिट और पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों की भी जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
मुख्य बातें
वाट्सएप हेल्पलाइन नंबर: 7300059984
AI चैटबॉट करेगा शिकायत दर्ज और आवश्यक जानकारी प्राप्त।
फोटो, वीडियो, ऑडियो व लाइव लोकेशन भेजने की सुविधा।
जीआईएस आधारित रियल टाइम ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग।
पर्यटकों को पर्यटन स्थल, अस्पताल और पुलिस थानों की जानकारी भी मिलेगी।
सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी।