उदयपुर/जयपुर, 6 अप्रैल: शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य, नवाचार, सेवा-भाव तथा शिक्षा में विविध आयामों को जोड़ने के उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. प्रदीप कुमावत को जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में ‘राजस्थान शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
जयपुर स्थित तक्षशिला कल्चरल सेंटर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में यह सम्मान मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा राजस्थान के क्षेत्रीय संघचालक रमेश अग्रवालअग्रवाल जी आशीर्वाद के रूप में स्वामी ओमदास जी महाराज के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विशिष्ट जनों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मदन राठौड़ ने कहा कि डॉ. प्रदीप कुमावत ने शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसमें संस्कार, नवाचार, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की चेतना का समावेश किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षाविद् समाज के लिए प्रेरणा-स्रोत होते हैं और नई पीढ़ी के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
यह भव्य आयोजन प्रोफेसर ललित किशोर चतुर्वेदी विचार मंच द्वारा पहली बार प्रांतीय स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें राजस्थान की बारह विशिष्ट विभूतियों को उनके-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में यह सम्मान केवल डॉ. प्रदीप कुमावत को प्रदान किया गया, जो उदयपुर सहित समूचे शिक्षा जगत के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
डॉ. प्रदीप कुमावत लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में रचनात्मक प्रयोगों, मूल्यपरक शिक्षा, संस्कार-आधारित शिक्षण, सामाजिक चेतना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में शिक्षा को अधिक जीवंत, व्यवहारिक, प्रेरक और समाजोपयोगी बनाने की दिशा में अनेक नवाचारपूर्ण प्रयास किए गए हैं, जिनकी व्यापक सराहना होती रही है।
इस सम्मान के उपरांत शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने डॉ. प्रदीप कुमावत को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए इसे उदयपुर एवं समूचे राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।