सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयास रंग लाए, ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत
उदयपुर, 4 अप्रैल: खेरवाड़ा शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से लंबित एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के उदयपुर-रतनपुर-शामलाजी सेक्शन पर 363.89 करोड़ रुपए की लागत से इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।
यह कॉरिडोर स्थानीय और बाहरी ट्रैफिक को अलग करेगा, जिससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और ब्लैक स्पॉट्स को सुधारकर सड़क सुरक्षा भी बढ़ेगी। इससे यात्रा समय में कमी आएगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के पीछे सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के निरंतर प्रयास रहे। उन्होंने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय मंत्रालय को पत्र लिखने के साथ मंत्री गडकरी से व्यक्तिगत मुलाकात कर स्वीकृति दिलाने में अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि हाईवे गुजरने के कारण खेरवाड़ा में ट्रैफिक दबाव और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस मंजूरी से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने के साथ आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।