पति-पत्नी और दोनों बेटियां त्यागेंगे संसार की मोह-माया, फरवरी में सूरत में होगा दीक्षा समारोह
उदयपुर, 11 नवम्बर: उदयपुर जिले के गोगुंदा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत जसवंतगढ़ में बुधवार को संसार की मोह-माया त्यागकर दीक्षा लेने जा रहे सूरत के एक परिवार का भव्य वर्षीदान वरघोड़ा निकाला गया। पति-पत्नी और उनकी दोनों बेटियां एक साथ सांसारिक जीवन का त्याग कर संत जीवन अपनाएंगे। इस अनूठे आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
डीजे की धुन, भक्ति गीतों और दीक्षा के जयकारों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते वरघोड़े में शामिल हुए। पूरे कस्बे में धर्ममय माहौल रहा। वरघोड़ा जसवंतगढ़ के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बाईपास स्थित महाराणा प्रताप सर्कल पहुंचा। यहां से वापस गांव के मुख्य चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते में ग्रामीणों और समाजजनों ने जगह-जगह दीक्षार्थियों का स्वागत-अभिनंदन किया। पिपलाज माता मंदिर पर सर्वसमाज के लोगों ने भी उनका स्वागत किया।
सूरत निवासी सोहन बैन और राजमल के बेटे मुमुक्षु दिलीप भाई, उनकी पत्नी मुमुक्षु ज्योतिबेन और दोनों बेटियां मुमुक्षु छवि बैन व मुमुक्षु चार्वी बैन दीक्षा लेने जा रहे हैं। चारों ने सांसारिक सुख-सुविधाओं और मोह-माया का त्याग कर संयम का मार्ग अपनाने का निर्णय किया है।
दीक्षार्थियों का मुख्य दीक्षा समारोह 8 फरवरी 2027 को सूरत के सूर्यपुरनगर स्थित पाल में आयोजित होगा। इसी के तहत जसवंतगढ़ में वर्षीदान वरघोड़े का आयोजन किया गया। इसमें जसवंतगढ़, सूरत, पालघर, गोगुंदा, उदयपुर, पूरा सेरा प्रांत, वाकल प्रांत और बगडूंडा सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालु पहुंचे।