पहले दिन 45 मरीज पहुंचे, हीटवेव मरीजों को मिलेगी राहत
उदयपुर, 11 मई: उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) सरकारी हॉस्पिटल में सोमवार से शाम की ओपीडी सुविधा शुरू कर दी गई। आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संभाग के सबसे बड़े इस हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग का आउटडोर अब शाम 5 से 7 बजे तक भी संचालित होगा।
तेज गर्मी, लू-तापघात, डायरिया और बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है। पहले दिन शाम की ओपीडी में करीब 45 मरीज पहुंचे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि लोगों को जानकारी मिलने के बाद मरीजों की संख्या और बढ़ेगी।
एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाते। शाम की ओपीडी में 3 से 4 डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, जांच लैब और दवा स्टोर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।