उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज के 7 वरिष्ठ डॉक्टरों ने किया निरीक्षण, जल्द तैयार होगी गैप एनालिसिस रिपोर्ट
उदयपुर, 25 जुलाई: बांसवाड़ा जिले में सात प्रसूताओं की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्थाओं की समीक्षा तेज कर दी है। राज्य सरकार के निर्देश पर उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज से सात वरिष्ठ डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम शनिवार को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंची और महिला एवं शिशु वार्डों का विस्तृत निरीक्षण किया।
टीम ने अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि राज्य सरकार ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज को बांसवाड़ा, डूंगरपुर और चित्तौड़गढ़ मेडिकल कॉलेजों का मेंटर संस्थान बनाया है। इसी व्यवस्था के तहत विशेषज्ञ टीम निरीक्षण कर रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं का गैप एनालिसिस कर विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी जाएगी, जिसमें कमियों, आवश्यक सुधारों और अपग्रेडेशन के सुझाव शामिल होंगे। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।