चित्तौड़गढ़ में 32 स्कूलों को नोटिस, छह माह बाद भी नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई शुरू
चित्तौड़गढ़, 25 जुलाई: बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने फिटनेस अवधि समाप्त होने के छह माह बाद भी नवीनीकरण नहीं कराने वाली स्कूल बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने ऐसे वाहनों की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिला परिवहन अधिकारी दया शंकर गुप्ता ने बताया कि पहले 32 स्कूलों को नोटिस जारी किए गए थे। कई स्कूलों ने बसों की फिटनेस जांच करा ली, लेकिन कुछ संस्थानों ने अब तक नियमों का पालन नहीं किया। कार्रवाई की जद में टैलेंट एजुकेशन सोसाइटी, हैप्पी पब्लिक स्कूल, बिरला शिक्षा केंद्र, गीता शिक्षण संस्थान, सरस्वती विद्या विहार सहित कई संस्थानों की बसें हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि फिटनेस जांच में ब्रेक, स्टीयरिंग, टायर, लाइट और इमरजेंसी गेट जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच होती है। विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर बसों की फिटनेस कराने की अपील की है।