उदयपुर में पहली बार कैपिटल मार्केट पर राष्ट्रीय सम्मेलन 24 से

Share

‘चाणक्य—निवेश की नीति’ थीम पर जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ, निवेशकों और युवाओं को भी मिलेगा मौका
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
लेकसिटी में पहली बार पूंजी बाजार पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 24 और 25 अक्टूबर को रामी रॉयल रिजॉर्ट एंड स्पा में आयोजित होगा। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की वित्तीय बाजार एवं निवेशक जागरूकता समिति के तत्वावधान में आईसीएआई उदयपुर शाखा की ओर से होने वाले सम्मेलन की थीम ‘चाणक्य—निवेश की नीति : प्राचीन बुद्धिमत्ता, आधुनिक बाजार’ रखी गई है। इसमें देशभर से एक हजार से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वित्तीय विशेषज्ञों और निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है।
शाखा अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि सम्मेलन में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य प्रो. गौरव वल्लभ सहित देश के प्रतिष्ठित वित्तीय विशेषज्ञ निवेश रणनीतियों, शेयर बाजार की संभावनाओं, पोर्टफोलियो प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण और दीर्घकालीन संपत्ति निर्माण पर विचार साझा करेंगे। मिड-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश तथा तकनीकी विश्लेषण पर भी चर्चा होगी।
शाखा उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि सम्मेलन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तक सीमित नहीं रहेगा। निवेशक, व्यवसायी, युवा और वित्तीय बाजार में रुचि रखने वाले आमजन भी इसमें भाग ले सकेंगे। पंजीकरण और विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी आईसीएआई उदयपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।