रात में बाहर जाने से टोका तो पोती ने लाठी से पीटकर की दादा की हत्या

Share

बांसवाड़ा के बोरदा गांव की घटना, बुजुर्ग की देखभाल करती थी आरोपी युवती; हत्या के बाद फरार, पुलिस तलाश में जुटी
उदयपुर, 17 अक्टूबर:
राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के बोरदा गांव में शुक्रवार रात घर से बाहर जाने पर टोकने से नाराज 19 वर्षीय युवती ने लाठी से हमला कर अपने दादा के भाई की हत्या कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से 60 वर्षीय जेता राणा की मौत हो गई। आरोपी सुनिया उर्फ सुनीता वारदात के बाद फरार हो गई। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थानाधिकारी देवीलाल मीणा के अनुसार, नारायण राणा की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे सुनिया हाथ में लाठी लेकर घर से बाहर जा रही थी। पड़ोस में रहने वाले जेता राणा ने उसे रोककर पूछा कि वह रात में कहां जा रही है। इस पर युवती गुस्से में आ गई और लाठी से जेता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जेता जमीन पर गिर पड़े
अस्पताल में तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवती भागकर पड़ोसी महिपाल राणा के घर में छिप गई। बाद में परिजनों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर फरार हो गई। उधर, गंभीर घायल जेता को पहले गनोड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 11:30 बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बुजुर्ग की देखभाल करती थी युवती
पुलिस के अनुसार मृतक जेता के कोई संतान नहीं थी। वे अपने भाई राजिया राणा के परिवार के साथ रहते थे और सुनिया ही उनकी देखभाल करती थी। परिजनों ने बताया कि युवती पिछले दो-तीन दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। वह 12वीं तक पढ़ी थी और करीब एक साल पहले पढ़ाई छोड़ चुकी थी। पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।