घर की छत पर सोता रहा परिवार, चोर ले गए 15 लाख के गहने-नकदी

Share

आग बुझाने में उलझे ग्रामीण, बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
उदयपुर, 21 मई:
मावली थाना क्षेत्र के मंडप गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 15 लाख रुपए का सामान पार कर दिया। घटना के समय पूरा परिवार घर की छत पर सो रहा था।
पीड़ित हिरालाल गायरी ने बताया कि रात करीब 12 बजे गांव में घर से कुछ दूरी पर आग लगने की सूचना मिली थी। आग बुझाने के लिए ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद गर्मी के चलते सभी लोग घर की छत पर सो गए।
इसी दौरान बदमाशों ने घर के कमरे का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी से भरी पेटियां चोरी कर लीं। चोर पेटियों को घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में ले गए, जहां ताले तोड़कर सोना-चांदी और नकदी निकालकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने का टड़ा, रामनवमी सेट, नथ, मर्कियां, एक किलो चांदी का कंदोरा, आधा किलो चांदी की अंगूठियां व हाथ के कड़े तथा एक लाख रुपए नकद शामिल हैं। सुबह परिवार नीचे उतरा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। सूचना पर मावली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वहीं गांव के मंगरी वाला भेरूजी मंदिर में भी ताले तोड़ने का प्रयास किया गया।