छत पर सोता रहा परिवार, चोर समेट ले गए लाखों के जेवर

Share

सरकारी शिक्षक के घर वारदात, बाहर से दरवाजे बंद कर अलमारी का ताला तोड़ा
उदयपुर, 12 जून:
झाड़ोल क्षेत्र के दमाणा गांव में चोरों ने गुरुवार रात एक सरकारी शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की खास बात यह रही कि पूरा परिवार घर में मौजूद था, लेकिन शातिर चोरों ने कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए और आराम से चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार सरकारी शिक्षक रामसिंह राणावत अपनी पत्नी के साथ छत पर सो रहे थे, जबकि बेटा और बेटी नीचे कमरे में थे। देर रात चोर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों वाले कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद उन्होंने तिजोरी और अलमारी वाले कमरे में घुसकर ताला तोड़ दिया।
चोर करीब 25 तोला सोने के जेवर, 5 किलो चांदी के आभूषण तथा हजारों रुपए नकद चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह परिजनों को घटना का पता चला तो उनके होश उड़ गए।
सूचना पर झाड़ोल थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है तथा संदिग्धों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में पड़ताल की जा रही है।